राजस्थान फाउंडेशन की बैठक संपन्न, 80वें स्वतंत्रता दिवस समारोह को लेकर तैयारियों पर चर्चा
युवा एवं महिला कार्यकारिणी के गठन, सरकारी योजनाओं को प्रवासी राजस्थानियों तक पहुंचाने पर हुआ मंथन
सूरतः दि. 17-08-2026
सूरत। राजस्थान फाउंडेशन की महत्वपूर्ण बैठक अध्यक्ष श्याम राठी के नेतृत्व में संपन्न हुई। बैठक की शुरुआत राष्ट्रगान के साथ हुई। 80वें स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर आयोजित बैठक में देशप्रेम, सामाजिक एकता तथा प्रवासी राजस्थानियों को राजस्थान की संस्कृति और परंपराओं से जोड़ने को लेकर विचार-विमर्श किया गया।
फाउंडेशन के सचिव संजय बोथरा ने बैठक का एजेंडा प्रस्तुत करते हुए आगामी गतिविधियों की जानकारी दी। बैठक में विशेष रूप से युवा कार्यकारिणी एवं महिला कार्यकारिणी के गठन को लेकर विस्तार से चर्चा हुई। बताया गया कि राजस्थान सरकार की औपचारिक स्वीकृति प्राप्त होने के बाद दोनों कार्यकारिणी की सूची जारी की जाएगी। युवा कार्यकारिणी का प्रमुख उद्देश्य राजस्थान सरकार की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं एवं सुविधाओं की जानकारी सूरत सहित गुजरात में निवाससरत प्रवासी राजस्थानियों तक पहुंचाना रहेगा। वहीं, महिला कार्यकारिणी गुजरात की धरती पर राजस्थान की समृद्ध संस्कृति, परंपराओं एवं त्योहारों के संरक्षण और संवर्धन के लिए सक्रिय रूप से कार्य करेगी।
बैठक में बताया गया कि राजस्थान सरकार की आयुष्मान कार्ड योजना को सूरत के अस्पतालों में प्रभावी रूप से लागू करवाने तथा इसका लाभ प्रवासी राजस्थानियों तक पहुंचाने में राजस्थान फाउंडेशन की महत्वपूर्ण भूमिका रही है। फाउंडेशन द्वारा भविष्य में भी प्रवासी समाज से जुड़े मुद्दों एवं जनकल्याणकारी योजनाओं के क्रियान्वयन के लिए प्रयास जारी रखने पर जोर दिया गया।
फाउंडेशन के उपाध्यक्ष जगदीश परिहार ने बैठक में उपस्थित सभी कार्यकर्ताओं एवं पदाधिकारियों का आभार व्यक्त किया। वहीं, मीडिया प्रभारी महेश पुंगलिया ने बताया कि राजस्थान फाउंडेशन की ओर से शीघ्र ही एक महत्वपूर्ण कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा, जिसकी विस्तृत जानकारी जल्द साझा की जाएगी। बैठक में कोषाध्यक्ष योगेंद्र शर्मा, सहसचिव पांछाराम धांडीया, सुनील बाहेती, रामावतार पारिक, अजीत सिंह राजपुरोहित, बसंत खेतान, रतन सिंह गुर्जर, श्रवण धामू सहित महिला एवं युवा कार्यकारिणी से जुड़े सदस्य उपस्थित रहे।
